Press Trust of India | August 25, 2026 | 01:42 PM IST | 1 min read
इस कैंपेन के जरिए छात्रों को कैंपस लाइफ के अलग-अलग पहलुओं - जैसे पढ़ाई-लिखाई, इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्र कल्याण के बारे में अपनी चिंताएं, उम्मीदें और विचार साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नई दिल्ली : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) दिल्ली ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव से पहले 'माई DU, माई मेनिफेस्टो' कैंपेन शुरू किया है। छात्र संगठन ने सोमवार को बताया कि इस कैंपेन के ज़रिए छात्रों को अपनी चिंताएं, उम्मीदें और सुझाव साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
संगठन ने कहा कि इस कैंपेन से मिले सुझावों को ABVP के आने वाले स्टूडेंट मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। एबीवीपी ने कहा कि मेनिफेस्टो सिर्फ छात्र संगठनों द्वारा तैयार करने के बजाय छात्रों की "असली जरूरतों, अनुभवों और उम्मीदों" को दिखाने वाला होना चाहिए। इस पहल के तहत, छात्र क्यूआर कोड के जरिए या डीयू के अलग-अलग कॉलेजों में कैंपेन चला रहे ABVP वॉलंटियर्स के साथ अपने विचार शेयर कर सकते हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 18 सितंबर को होने हैं, जबकि वोटों की गिनती 19 सितंबर को होगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दिल्ली के राज्य सचिव सार्थक शर्मा ने कहा कि हमारा मेनिफेस्टो कुछ चुनिंदा लोगों द्वारा तय किया गया दस्तावेज नहीं होना चाहिए। 'माई डीयू, माई मेनिफेस्टो' के जरिए हम हर छात्र तक पहुंचना चाहते हैं और यह समझना चाहते हैं कि वे दिल्ली यूनिवर्सिटी में सबसे जरूरी मुद्दा किसे मानते हैं और अपनी यूनिवर्सिटी में क्या बदलाव देखना चाहते हैं। संगठन ने कहा कि वह छात्रों से मिले सुझावों पर विचार करेगा और उन्हें व्यावहारिक और छात्र-केंद्रित पॉलिसी प्रस्तावों में बदलने की कोशिश करेगा।
शर्मा ने कहा कि हमारा मेनिफेस्टो छात्रों की आवाज, उनकी प्राथमिकताओं और भविष्य के लिए उनकी उम्मीदों को दिखाने वाला होगा। यह कैंपेन DUSU चुनाव से पहले चलाया जा रहा है, जिसमें यूनिवर्सिटी के अलग-अलग छात्र संगठनों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।