हरियाणा नीट यूजी काउंसलिंग 2024 के तहत सीटों का आवंटन उम्मीदवारों द्वारा भरे गए विकल्पों, NEET 2024 रैंक, सीट की उपलब्धता और आरक्षण के आधार पर किया जाएगा।
Saurabh Pandey | August 17, 2024 | 07:49 AM IST
नई दिल्ली : चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान निदेशालय (डीएमईआर), हरियाणा ने हरियाणा नीट यूजी 2024 काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के मुताबिक हरियाणा नीट यूजी काउंसलिंग 2024 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 21 अगस्त से आधिकारिक वेबसाइट uhsrugcounselling.com पर शुरू होगी।
नीट 2024 पास करने वाले उम्मीदवारों के नाम की मेरिट सूची ऑनलाइन जारी की जाएगी जो हरियाणा मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र होंगे। डीएमईआर हरियाणा नीट 2024 काउंसलिंग प्रक्रिया में मॉप-अप राउंड सहित तीन राउंड होंगे।
हरियाणा नीट यूजी काउंसलिंग 2024 के तहत सीटों का आवंटन उम्मीदवारों द्वारा भरे गए विकल्पों, NEET 2024 रैंक, सीट की उपलब्धता और आरक्षण के आधार पर किया जाएगा। डीएमईआर सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में 85% राज्य कोटा सीटों के लिए हरियाणा नीट 2024 प्रवेश आयोजित करेगा, जबकि अखिल भारतीय कोटा (एआईक्यू) के तहत शेष 15% सीटों के लिए काउंसलिंग एमसीसी की ओर से डीजीएचएस द्वारा आयोजित की जाएगी।
हरियाणा एमबीबीएस, बीडीएस काउंसलिंग 2024 के आधार पर 1835 एमबीबीएस सीटों और 950 बीडीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
हरियाणा एमबीबीएस/बीडीएस 2024 काउंसलिंग के पहले दो राउंड ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जाएंगे, उसके बाद मॉप-अप राउंड ऑफलाइन आयोजित किया जाएगा। काउंसलिंग के प्रत्येक दौर के लिए, उम्मीदवारों को नए सिरे से पंजीकरण करना होगा। प्राप्त आवेदनों के आधार पर, डीएमईआर, हरियाणा काउंसलिंग के प्रत्येक दौर के बाद मेरिट सूची प्रकाशित करेगा।
हरियाणा नीट यूजी काउंसलिंग के लिए सीट आवंटन ऑनलाइन प्रकाशित किया जाएगा और पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध होगा। जिन छात्रों को सीटें आवंटित की जाएंगी उन्हें अपनी सीटों की पुष्टि के लिए कॉलेजों को रिपोर्ट करना होगा।
काउंसलिंग शेड्यूल | तिथियां |
---|---|
काउंसलिंग पंजीकरण | 21 अगस्त से 25 अगस्त 2024 |
पाठ्यक्रम/संस्थान की पसंद (ऑनलाइन) जमा करना और चॉइस लॉक करना | 21 अगस्त से 25 अगस्त 2024 |
प्रोविजनल सीट आवंटन | 27 अगस्त 2024 |
प्रोविजनल सीट आवंटन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने का मौका | 27 अगस्त 2024 |
सीट आवंटन लिस्ट का प्रकाशन | 27 अगस्त 2024 |
एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन ट्यूशन फीस जमा करने की तारीख | 27 अगस्त से 1 सितंबर 2024 तक |
उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन स्थान- सुश्रुत सभागार, पं. बी.डी. शर्मा, यूएचएस, रोहतक। | 2 सितंबर से 4 सितंबर 2024 (सुबह 9 बजे से) |
दस्तावेज सत्यापन के बाद एडमिशन लेटर डाउनलोड करना | 2 सितंबर से 5 सितंबर 2024 |
आवंटित संस्थानों को जॉइन करने की आखिरी तारीख | 5 सितंबर 2024 (शाम 5 बजे तक) |