Abhay Pratap Singh | September 2, 2026 | 09:54 AM IST | 1 min read
यूपीईएसएससी ने कहा कि गठित समिति प्राप्त प्रत्यावेदनों के सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट आयोग को जल्द से जल्द उपलब्ध कराएगी।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपीटीईटी (UPTET) 2026 रिजल्ट के संबंध में उम्मीदवारों से शिकायत मिलने के बाद उनके समाधान के लिए 5 सदस्यीय टीम गठित की है। आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का परिणाम 26 अगस्त को घोषित किया था।
यूपी टेट रिजल्ट 2026 जारी होने के बाद से अभ्यर्थियों द्वारा आयोग को अपनी शिकायतें भेजी जा रही हैं। आयोग ने कहा कि समिति उम्मीदवारों से प्राप्त अभ्यावेदनों के सभी पहलुओं की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपेगी। समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर अभ्यावेदनों का समाधान किया जाएगा।
यूपीईएसएससी ने 1 सितंबर को जारी नोटिस में बताया कि, “आयोग से पत्राचार के इच्छुक अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन आयोग की ईमेल आईडी upesscprayagraj@gmail.com के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं।” विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत यूपीटीईटी परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की गई थी।
Also readUPTET Result 2026: यूपीटीईटी रिजल्ट कई उम्मीदवारों का रिजेक्ट, नॉर्मलाइज्ड स्कोर को लेकर भी सवाल उठे
आधिकारिक सूचना के अनुसार, “परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों द्वारा अपने शिकायत के संबंध में आयोग कार्यालय पर उपस्थित होकर, रजिस्टर्ड डाक व ईमेल के माध्यम से प्रत्यावेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। आयोग द्वारा अभ्यावेदनों के निराकरण के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।”
आगे कहा गया, “गठित समिति प्राप्त प्रत्यावेदनों के सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट आयोग को जल्द से जल्द उपलब्ध कराएगी। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) के प्रत्यावेदनों का निराकरण/ निस्तारण किया जाएगा।”
उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रेस सूचना विभाग ने बताया कि इसकी जानकारी यूपीईएसएससी के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने दी। धर्मवीर खरे को संपर्क व्यक्ति नामित किया गया है, जिनसे 8737008603 पर संपर्क किया जा सकता है। नवीनतम अपडेट के लिए यूपीईएसएससी की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर विजिट करें।