Santosh Kumar | August 27, 2026 | 02:15 PM IST | 2 mins read
प्राइमरी और अपर प्राइमरी, दोनों स्तरों पर कुल मिलाकर 13 लाख से अधिक उम्मीदवार यूपीटीईटी 2026 परीक्षा में सफल हुए हैं।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने यूपीटीईटी रिजल्ट जारी कर दिए हैं। यूपीटीईटी परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को 60 जिलों के 955 केंद्रों पर 5 शिफ्ट में आयोजित की गई। हालांकि, अब कई उम्मीदवार नतीजों पर सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने कहा है कि सही जानकारी डालने के बावजूद यूपीटीईटी का नतीजा 'रिजेक्टेड' दिखा रहा है। इसके अलावा, कुछ उम्मीदवारों ने नॉर्मलाइज्ड स्कोर को लेकर भी आयोग पर सवाल उठाए हैं।
यूपीटीईटी में पहली बार, नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई गई। चूंकि परीक्षा कई शिफ्ट में हुई, इसलिए विज्ञापन के पॉइंट 9 के अनुसार तुलनात्मक मूल्यांकन किया गया। यूपीटीईटी सर्टिफिकेट जल्द ही डिजिलॉकर पर जारी किया जाएगा।
एक यूजर (@VeerendrYa42559) ने एक्स पर लिखा, "मैंने 2 जुलाई को परीक्षा दी। आंसर की के अनुसार मेरा रॉ स्कोर 96 था, लेकिन यूपीटीईटी रिजल्ट में मेरा नॉर्मलाइज्ड स्कोर 92.603 है। मैं इस मामले की जांच की मांग करता हूं।"
एक उम्मीदवार (@Ptritiktripathi) ने लिखा, "बिना किसी त्रुटि के रिजल्ट में रिजेक्ट दिखा रहा जबकि सभी जानकारी सही है। उसके कारण में 'Entered Invalid Roll Number during the Examination' लिखा आ रहा है।"
एक अन्य एक्स यूजर (@ary_shivam1275) ने लिखा, "यूपीटीईटी 2026 प्राथमिक स्तर परिणाम में ओएमआर शीट पर सभी गोले 100% सही भरने के बावजूद परिणाम "Rejected - Invalid Roll Number" दर्शा रहा है।"
प्राइमरी लेवल (कक्षा 1–5) पर, 7,13,648 उम्मीदवारों में से 5,71,435 (80.07%) उम्मीदवार सफल घोषित किए गए, जबकि अपर प्राइमरी लेवल (कक्षा 6–8) पर, 10,57,021 उम्मीदवारों में से 7,59,513 (71.85%) उम्मीदवार सफल रहे।
इसके अलावा, यूपीटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले मौजूदा शिक्षकों में से प्राइमरी लेवल पर 1,22,405 में से 93,387 (76.29%) और अपर प्राइमरी लेवल पर 1,46,394 में से 1,13,384 (77.45%) शिक्षक सफल घोषित किए गए।
प्राइमरी और अपर प्राइमरी, दोनों स्तरों पर कुल मिलाकर 13 लाख से अधिक उम्मीदवार इस परीक्षा में सफल हुए हैं। उम्मीदवार अपने यूपीटीईटी रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।