Saurabh Pandey | May 28, 2026 | 04:46 PM IST | 2 mins read
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने दो चरणों की दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदेशक के 370 पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम और मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसके तहत सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति विभाग को भेज दी गई है, जिसे छात्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग के कुल 370 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने पात्र पाए गए सफल अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति संबंधित नियोक्ता विभाग को भेज दी है। इसके साथ ही फाइनल मेरिट लिस्ट को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर भी अपलोड कर दिया गया है।
जो अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अपना रोल नंबर और नाम आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी पीडीएफ लिस्ट में चेक कर सकते हैं।
आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 तक अलग-अलग पालियों में किया गया था। लिखित परीक्षा के बाद जिन अभ्यर्थियों ने नेशनल क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर सर्टिफिकेट प्रमाण-पत्र आयोग को उपलब्ध कराए थे, उनके लिए दो चरणों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया आयोजित की गई थी।
पहला चरण - सबसे पहले 29 अप्रैल 2026 को 334 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी, जिनका दस्तावेज सत्यापन 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग के कार्यालय में की गई।
दूसरा चरण - पहले चरण के दौरान कुछ अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक ट्रेडों में होने और अनिवार्य अनुभव की कमी के कारण कुल 370 पदों के सापेक्ष पूरे पात्र अभ्यर्थी नहीं मिल सके थे। इसके बाद, न्यूनतम कट-ऑफ अंकों तक के अन्य 168 अभ्यर्थियों की दूसरी सूची 13 मई 2026 को जारी की गई, जिनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 18 मई 2026 को किया गया।
दोनों चरणों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, जो अभ्यर्थी पूरी तरह योग्य और क्वालीफाई पाए गए हैं, उनकी मेरिट और वरीयता के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर अपना परिणाम और मेरिट लिस्ट देख सकते हैं।
Also read National Teachers Award 2026: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 5 जुलाई लास्ट डेट