Saurabh Pandey | June 4, 2026 | 08:55 PM IST | 2 mins read
एसबीआई ने अप्रेंटिस के 7,150 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 15 जून 2026 कर दी है। इस एक वर्षीय प्रशिक्षण के लिए स्नातक उम्मीदवार 300 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नई दिल्ली : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने 7150 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन की लास्ट डेट बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in/web/careers/current-openings पर जाकर 15 जून तक अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 8 जून निर्धारित की गई थी।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 7,150 सीटों पर टेनीज की नियुक्ति की जाएगी। इनमें सबसे ज्यादा सीटें आंध्र प्रदेश (709), उत्तर प्रदेश (561), महाराष्ट्र (504) और तेलंगाना (491) जैसे राज्यों के लिए निर्धारित की गई हैं। उम्मीदवार केवल किसी एक राज्य में ट्रनिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं और उन्हें आवेदन के समय उस राज्य की स्थानीय भाषा का चयन करना होगा।
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। इसका अर्थ है कि उम्मीदवार का जन्म 2 अप्रैल 1998 के बाद और 1 अप्रैल 2006 के पहले होना चाहिए। आरक्षित श्रेणियों (एससी, एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूबीडी) के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
श्रेणी | आवेदन शुल्क और सूचना प्रभार |
सामान्य / ओबीसी / ईडब्ल्यूएस | 300 रुपये |
अ.जा. / अ.ज.जा. / पीडब्ल्यूबीडी | कोई शुल्क नहीं है |
एसबीआई अप्रेंटिसशिप के लिए चयन दो चरणों में होगा- जिसमें पहला चरण ऑनलाइन लिखित परीक्षा का होगा और दूसरा चरण स्थानीय भाषा की परीक्षा का होगा। ऑनलाइन लिखित परीक्षा संभावित रूप से जुलाई 2026 माह में आयोजित की जाएगी। इस लिखित परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे, जिसके लिए अधिकतम 100 अंक और 60 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
परीक्षा में चार विषय शामिल होंगे- सामान्य/वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, परिमाणात्मक अभिवृत्ति, और तर्कशक्ति क्षमता एवं कंप्यूटर अभिवृत्ति। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/4 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा की परीक्षा से गुजरना होगा, जिसमें आवेदित राज्य की भाषा को पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने की दक्षता की जांच की जाएगी।
जिन उम्मीदवारों ने अपनी 10वीं या 12वीं कक्षा में उस स्थानीय भाषा का अध्ययन किया है और उसका साक्ष्य (अंकपत्र/प्रमाणपत्र) प्रस्तुत करते हैं, उन्हें इस भाषा परीक्षा से छूट दी जाएगी। अंतिम चयन पात्रता दस्तावेजों के सत्यापन, भाषा परीक्षा और चिकित्सा जांच (मेडिकल टेस्ट) में उपयुक्त पाए जाने के बाद ही किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों के प्रशिक्षण की अवधि केवल एक वर्ष की होगी। इस एक वर्ष की नियुक्ति के दौरान प्रशिक्षुओं को 15,000 रुपये प्रति माह की दर से स्टाइपेंड दी जाएगी। इसके अलावा ट्रेनी किसी भी अन्य भत्ते या लाभ के पात्र नहीं होंगे।