Saurabh Pandey | November 5, 2026 | 03:52 PM IST | 2 mins read
आरएसएसबी ने राजस्थान कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में करीब 1800 से ज्यादा पद न्यूनतम कटऑफ अंक न ला पाने से खाली रह गए हैं।

नई दिल्ली : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर (SCI) और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर (BCI) संयुक्त भर्ती-2026 परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। जो उम्मीदवार 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित इन दोनों परीक्षाओं में शामिल हुए थे, वे अब आरएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए डायरेक्ट लिंक के माध्यम से अपना क्वालिफाइंग स्टेटस चेक कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, न्यूनतम अंक (40 प्रतिशत) की बाध्यता पूरी न कर पाने के कारण इन दोनों भर्ती परीक्षाओं में मिलाकर करीब 1800 से अधिक पद खाली रहने की नौबत आ गई है।
आरएसएसबी द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन के तहत बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक (BCI) के 3629 पद और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक (SCI) के 322 पद शामिल थे। इनमें से बीसीआई भर्ती में करीब 1800 पद तथा वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में लगभग 66 पद खाली रह जाएंगे। खाली रहने वाले अधिकांश पद बैकलॉग श्रेणी के हैं।
बोर्ड द्वारा जारी परिणाम के मुताबिक, बीसीआई में नॉन-टीएसपी के 2936 पदों के मुकाबले 2479 अभ्यर्थी और टीएसपी के 693 पदों के मुकाबले 122 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र पाए गए हैं। इसी तरह एससीआई भर्ती में नॉन-टीएसपी के 288 पदों पर 414 और टीएसपी के 34 पदों पर 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। दोनों भर्तियों में दो-दो प्रश्नपत्र होते हैं और अभ्यर्थियों के लिए दोनों में अलग-अलग न्यूनतम 40-40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य था, जिसे कई अभ्यर्थी हासिल नहीं कर सके।
चयन बोर्ड ने 72 पदों पर आयोजित महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा का प्रारंभिक परिणाम भी जारी कर दिया है। इसके तहत दस्तावेज सत्यापन एवं पात्रता जांच के लिए 173 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। आरएसएसबी ने आधिकारिक तौर पर कट-ऑफ मार्क्स भी जारी कर दिए हैं।