Saurabh Pandey | August 1, 2026 | 01:56 PM IST | 2 mins read
आरआरबी ने मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरीज भर्ती परीक्षा के लिए आंसर की 2026 जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (आरआरबी) ने मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरीज की आंसर की 2026 जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in या अपने संबंधित क्षेत्रीय आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर अपनी उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
आरआरबी मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरीज की उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के बाद यदि उम्मीदवारों को उसमें कोई विसंगति नजर आती है, तो वे वैलिड साक्ष्यों के साथ 7 अगस्त 2026 तक उस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आरआरबी मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरीज की उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित शुल्क 50 रुपये है, साथ ही प्रति प्रश्न लागू बैंक सेवा शुल्क भी देना होगा। यदि उठाई गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो वैलिड आपत्तियों के लिए भुगतान किया गया शुल्क लागू बैंक शुल्क की कटौती के बाद उम्मीदवार को वापस कर दिया जाएगा। यह राशि उसी खाते में वापस की जाएगी जिससे उम्मीदवार ने ऑनलाइन भुगतान किया था। आपत्ति शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग के माध्यम से कर सकते हैं।
आपत्ति दर्ज करने की समय-सीमा खत्म होने के बाद, रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड उम्मीदवारों की ओर से दर्ज की गई सभी आपत्तियों की जांच की जाएगी। अगर कोई आपत्ति सही पाई जाती है, तो आंसर की को अपडेट कर दिया जाएगा। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड का फैसला ही आखिरी होगा। आंसर की के बारे में इसके बाद किसी भी अनुरोध या बातचीत पर विचार नहीं किया जाएगा।
आरआरबी मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरी पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 14 से 15 जुलाई के बीच भारत के अलग-अलग सेंटर्स पर आयोजित की गई थी। यह परीक्षा भारतीय रेलवे में अलग-अलग मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड पदों के लिए 312 रिक्तियों को भरने के लिए आयोजित की गई थी।
आरआरबी मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड कैटेगरीज के लिए सीबीटी में 100 सवालों के लिए 100 मार्क्स होते हैं। परीक्षा में सही जवाब पर 1 अंक दिया जाएगा, जबकि गलत जवाब के लिए एक तिहाई अंको की कटौती की जाएगी, वहीं बिना कोशिश किए गए सवालों के लिए कोई मार्क्स नहीं दिया जाएगा।