Saurabh Pandey | May 22, 2026 | 02:47 PM IST | 2 mins read
आरआरबी ने जेई, डीएमएस और सीएमए पदों के लिए दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की संभावित तारीख 2 जुलाई 2026 घोषित की है। परीक्षा से 10 दिन पहले एग्जाम सिटी और 4 दिन पहले एडमिट कार्ड का लिंक एक्टिव होगा।

नई दिल्ली : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो सामग्री अधीक्षक (DMS) और रासायनिक एवं धातुकर्म सहायक (CMA) के पदों पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-II) की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 2 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा के साथ-साथ एडमिट कार्ड और अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन को लेकर भी जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं।
आरआरबी जेई सीबीटी 2 भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शहर, परीक्षा की तिथि देखने तथा एससी/एसटी (SC/ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यात्रा प्राधिकार डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा शुरू होने की तिथि से 10 दिन पहले सभी आरआरबी (RRB) की आधिकारिक वेबसाइटों पर लाइव कर दिया जाएगा।
आरआरबी जेई सीबीटी 2 भर्ती परीक्षा के उम्मीदवारों के लिए ई-कॉल लेटर (Admit Card) डाउनलोड करने की प्रक्रिया परीक्षा शहर और तिथि की सूचना वाले लिंक में दी गई परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले शुरू की जाएगी।
परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले सभी उम्मीदवारों का आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना मूल आधार कार्ड या ई-सत्यापित आधार का प्रिंटआउट साथ लाना होगा। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक अपना आधार सत्यापन नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर लॉगिन करके परीक्षा से पहले ही अपनी पहचान प्रमाणित कर लें ताकि केंद्र पर प्रवेश में आसानी हो।
जिन उम्मीदवारों ने आवेदन जमा करते समय अपने आधार का सत्यापन करा लिया था, उन्हें भी यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि परीक्षा केंद्र पर आने से पहले उनका आधार यूआईडीएआई (UIDAI) प्रणाली में अनलॉक स्थिति में होना चाहिए, ताकि परीक्षा के दिन पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं में कोई असुविधा न हो।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़े किसी भी लेटेस्ट अपडेट के लिए केवल और केवल आरआरबी (RRB) की आधिकारिक वेबसाइटों का ही अनुसरण करें और किसी भी अप्रमाणित स्रोत या भ्रामक खबरों से दूर रहें।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को ऐसे दलालों से सावधान रहने की चेतावनी दी है जो अवैध तरीकों से नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके गुमराह करने का प्रयास करते हैं । बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आरआरबी (RRB) की चयन प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पर आधारित है और भर्ती केवल उम्मीदवारों की योग्यता (Merit) के आधार पर ही की जाती है ।