Saurabh Pandey | September 10, 2026 | 09:51 PM IST | 2 mins read
एनटीए ने यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की आंसर की जारी कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट जून 2026 री-एग्जाम की अंतरिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर उत्तर कुंजी और अपने दर्ज किए गए उत्तरों को देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
Don't Miss: UGC NET Sample Papers
यह उत्तर कुंजी तीन प्रमुख विषयों -अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के लिए जारी की गई है। उत्तर कुंजी पर किसी प्रश्न को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 10 सितंबर से 13 सितंबर 2026 (रात 11:59 बजे) तक का समय दिया गया है। उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न 200 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क देना होगा, जिसका भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए 13 सितंबर रात 11:59 बजे तक किया जा सकता है। प्रोसेसिंग फीस के बिना किसी भी चैलेंज पर विचार नहीं किया जाएगा। चैलेंज विंडो के दौरान केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही चैलेंज स्वीकार किए जाएंगे।
यदि उम्मीदवार द्वारा उठाई गई आपत्ति विषय विशेषज्ञों द्वारा स्वीकार कर ली जाती है, तो प्रोसेसिंग शुल्क पूरा वापस कर दिया जाएगा। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार की जाएंगी; ईमेल, फैक्स या पत्र द्वारा भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। यदि किसी प्रश्न पर आपत्ति सही पाई जाती है, तो उत्तर में सुधार का लाभ उस विषय के सभी अभ्यर्थियों को समान रूप से दिया जाएगा, इसलिए एक ही प्रश्न पर बार-बार आपत्ति दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं है।
उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। यदि आपत्ति सही पाई जाती है, तो अंतरिम उत्तर कुंजी को संशोधित किया जाएगा और इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परिणाम तैयार कर घोषित किया जाएगा। उम्मीदवारों को व्यक्तिगत रूप से आपत्ति के निर्णय की जानकारी नहीं दी जाएगी, बल्कि परिणाम से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित कर दी जाएगी।