Saurabh Pandey | August 12, 2026 | 01:41 PM IST | 2 mins read
एमसीसी द्वारा आयोजित नीट-एमडीएस काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन केवल मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की वेबसाइट mcc.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन ही किया जा सकता है। किसी अन्य तरीके से किए गए रजिस्ट्रेशन को तुरंत खारिज कर दिया जाएगा।

नई दिल्ली : मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (NEET MDS) की काउंसलिंग संबंधी सूचना बुलेटिन और काउंसलिंग योजना जारी कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब नियम, पात्रता शर्तें और सीट आवंटन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जो उम्मीदवार एंट्रेंस टेस्ट पास कर चुके हैं, वे एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
एमसीसी द्वारा आयोजित नीट-एमडीएस काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन केवल मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की वेबसाइट mcc.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन ही किया जा सकता है। किसी अन्य तरीके से किए गए रजिस्ट्रेशन को तुरंत खारिज कर दिया जाएगा। सूचना बुलेटिन में 50% अखिल भारतीय कोटा (AIQ) सीटों, भाग लेने वाले डीम्ड विश्वविद्यालयों और संबंधित केंद्रीय विश्वविद्यालयों/संस्थानों में 100% सीटों के लिए काउंसलिंग की जानकारी दी गई है।
नीट एमडीएस काउंसलिंग के लिए सिर्फ वही उम्मीदवार रजिस्टर कर सकते हैं जिन्होंने NEET MDS 2026 परीक्षा पास की है। आवेदकों को परीक्षा अथॉरिटी द्वारा तय की गई कैटेगरी-वाइज क्वालिफाइंग परसेंटाइल की शर्तों को भी पूरा करना होगा। आवेदकों के पास मान्यता प्राप्त बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री होनी चाहिए। उन्होंने समय पर अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप पूरी कर ली हो।
श्रेणी | पंजीकरण शुल्क | वापसी योग्य सुरक्षा जमा | कुल देय राशि |
ऑल इंडिया कोटा अनारक्षित/ईडब्ल्यूएस | 1,000 रुपये | 25,000 रुपये | 26,000 रुपये |
ऑल इंडिया कोटा एससी/एसटी/ओबीसी/दिव्यांग | 500 रुपये | 10,000 रुपये | 10,500 रुपये |
डीम्ड विश्वविद्यालय - सभी श्रेणियां | 5,000 रुपये | 2,00,000 रुपये | 2,05,000 रुपये |
ऑल इंडिया काउंसलिंग (AIQ) के चार राउंड होंगे - राउंड 1, राउंड 2, राउंड 3 और एआईक्यू स्ट्रे वैकेंसी राउंड। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) द्वारा आयोजित नीट एमडीएस में अपनी रैंक के आधार पर ऑल इंडिया कोटा सीटों के लिए क्वालिफाई करने वाले सभी उम्मीदवार काउंसलिंग प्रोसेस में शामिल होने के योग्य होंगे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी ऑल इंडिया कोटा के लिए 50% सीटें देगी। बाकी 50% सीटों के लिए, जिन कैंडिडेट्स ने डीयू से बीडीएस पास किया है, वे दिल्ली यूनिवर्सिटी में 50% इंटरनल कोटे के लिए एलिजिबल हैं।
जो उम्मीदवार आवंटित सीटों से संतुष्ट होंगे और वे अपग्रेडेशन नहीं चाहते, वे सीट फ्रीज का विकल्प चुन सकेंगे। ऐसे उम्मीदवारों को जॉइनिंग के लिए आवंटित संस्थान में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। जो उम्मीदवार अगले राउंड में अपनी सीट अपग्रेड करना चाहते हैं, वे फ्लोट का विकल्प चुन सकते हैं और आवंटित संस्थान में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए बिना ऑनलाइन आवश्यक दस्तावेज सत्यापन पूरा कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को अनिवार्य दस्तावेजों की स्कैन की गई प्रतियां एमसीसी पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। एमसीसी ने यह भी बताया है कि काउंसलिंग से संबंधित विवरण, जिसमें शेड्यूल और नवीनतम अपडेट शामिल हैं, उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे।