Santosh Kumar | February 5, 2026 | 02:19 PM IST | 1 min read
जो छात्र एग्जाम डेट तक रजिस्टर नहीं कर पाए, वे परीक्षा दे सकेंगे। ऐसे छात्रों की टेक्निकल डिटेल्स परीक्षा के बाद रिकॉर्ड की जाएंगी।

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में 2025-26 एकेडमिक सेशन के लिए क्लास 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर होंगी। एमपी बोर्ड 2026 परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होंगी और 28 फरवरी तक चलेंगी। इन परीक्षाओं के लिए पूरे राज्य में 12,920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर लगभग 25 लाख छात्र परीक्षा देंगे। राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में गाइडलाइंस जारी कीं। एमपी बोर्ड 5वीं, 8वीं परीक्षा की डेटशीट पहले ही जारी कर दी गई है।
जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सरकारी स्कूलों, प्राइवेट स्कूलों और मदरसों के छात्र इन परीक्षाओं में हिस्सा लेंगे। इस साल, 1,10,615 सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और मदरसों से लगभग 24,90,000 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
एनसीईआरटी सिलेबस के आधार पर 522 प्राइवेट स्कूलों के 20,736 छात्रों के लिए भाषा के विषयों के लिए अलग प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। दूसरे विषयों के प्रश्न पत्र राज्य द्वारा तय की गई किताबों के आधार पर तैयार किए गए हैं।
विभाग ने परीक्षाओं को कराने के लिए आईटी पोर्टल बनाया गया है। यह पोर्टल छात्रों के वेरिफिकेशन, परीक्षा केंद्रों के आवंटन, केंद्र अधीक्षकों की मैपिंग, सामग्री के वितरण और रोल नंबर और एडमिट कार्ड जारी करने की सुविधाएं देता है।
अटेंडेंस रिकॉर्डिंग, मूल्यांकन का काम और मार्कशीट जारी करना भी इसी पोर्टल के जरिए मैनेज किया जाएगा। डायरेक्टर हरजिंदर सिंह ने बताया कि हर योग्य छात्र को परीक्षा में हिस्सा लेने का मौका दिया जाएगा।
जो छात्र एग्जाम डेट तक रजिस्टर नहीं कर पाए, वे परीक्षा दे सकेंगे। ऐसे छात्रों की टेक्निकल डिटेल्स परीक्षा के बाद रिकॉर्ड की जाएंगी। परीक्षा में 86,109 सरकारी स्कूलों, 23,980 प्राइवेट स्कूलों और 525 मदरसों के छात्र हिस्सा लेंगे।