Saurabh Pandey | May 19, 2026 | 01:33 PM IST | 1 min read
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने 20 से 23 मई 2026 तक होने वाली 'विशेष शिक्षा सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025' को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। आयोग द्वारा जल्द ही परीक्षा की नई तारीखें आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

नई दिल्ली : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को अपरिहार्य कारणों से तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा पूर्व में निर्धारित किए गए शेड्यूल के अनुसार, यह परीक्षा 20 मई 2026 से लेकर 23 मई 2026 तक राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। हालांकि, परीक्षा शुरू होने के ठीक दो दिन पहले आयोग ने प्रशासनिक या तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए इसे अगले आदेश तक रोकने का फैसला लिया है। इस अचानक स्थगन से परीक्षा की तैयारी में जुटे हजारों अभ्यर्थियों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।
आयोग ने नोटिफिकेशन में स्पष्ट रूप से कहा है कि अभ्यर्थियों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। इस संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा बहुत जल्द झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, परीक्षा की शुचिता और उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS और पंजीकृत ई-मेल आईडी पर Mail के माध्यम से भी परीक्षा की नई तिथियों की व्यक्तिगत रूप से सूचना प्रदान करेगा।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा से जुड़े सभी अभ्यर्थियों को विशेष निर्देश जारी किया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और परीक्षा की नई तारीखों तथा आगामी प्रवेश पत्र से संबंधित किसी भी प्रामाणिक और लेटेस्ट अपडेट के लिए नियमित अंतराल पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in को देखते रहें।