Saurabh Pandey | August 11, 2026 | 02:43 PM IST | 2 mins read
भारतीय वायु सेना ने AFCAT 2 2026 की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। अंतरिम उत्तर कुंजी के साथ-साथ उम्मीदवार अपने लॉगिन के माध्यम से अपनी उत्तर पुस्तिकाएं भी देख सकते हैं।

नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना (IAF) ने एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट 2 (AFCAT-2) 2026 में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अंतरिम उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं। अंतरिम उत्तर कुंजी की मदद से उम्मीदवार अपने चिह्नित उत्तरों की तुलना आधिकारिक उत्तरों से कर सकते हैं और अपने संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।
यदि उम्मीदवारों को अंतरिम उत्तर कुंजी में कोई गलत उत्तर या विसंगति मिलती है, तो वे निर्धारित आपत्ति अवधि के भीतर आधिकारिक उम्मीदवार पोर्टल के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने की विंडो 13 अगस्त तक खुली रहेगी। उम्मीदवारों द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर विचार करने के बाद ही अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी, जिसके बाद फाइनल आंसर की और रिजल्ट जारी किया जाएगा।
भारतीय वायु सेना ने सभी क्वैश्चन बुकलेट सेट और विषय सेक्शंस के लिए प्रोविजनल एएफकैट आंसर की पीडीएफ जारी कर दी है। यह परीक्षा 8 अगस्त 2026 को आयोजित की गई थी। आंसर की में हर प्रश्न पत्र सेट कोड (सेट A, B, C और D) के लिए सत्यापित समाधान दिए गए हैं।
एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट 2 का रिजल्ट अंतरिम आंसर की के खिलाफ उम्मीदवारों की आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद आधिकारिक वेब पोर्टल पर जारी किया जाएगा। आईएएफ मेरिट लिस्ट/ कट-ऑफ मार्क्स के साथ एक संशोधित अंतिम आंसर की भी जारी करेगा। अंतिम आंसर की का उपयोग करके कैलकुलेट किए गए मार्क्स, एएफएसबी इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट के लिए उम्मीदवार की पात्रता तय करते हैं।