Saurabh Pandey | October 22, 2026 | 12:10 PM IST | 2 mins read
एनबीईएमएस ने एफएमजीई अक्टूबर 2026 आवेदन फॉर्म में दस्तावेज और फोटो सुधार की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पंजीकृत उम्मीदवार अब 23 अक्टूबर तक इसमें सुधार कर सकते हैं।

नई दिल्ली : नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेस (NBEMS) द्वारा फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) अक्टूबर 2026 के आवेदन फॉर्म में अपलोड किए गए दस्तावेजों और फोटो से जुड़ी कमियों को सुधारने की अंतिम समय सीमा पहले 21 अक्टूबर 2026 (रात 11:55 बजे) तक तय की गई थी। बोर्ड ने उम्मीदवारों को एक और मौका देते हुए अब इस अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अभ्यर्थी अब 23 अक्टूबर 2026 (दोपहर 2 बजे) तक अपने त्रुटिपूर्ण दस्तावेजों और तस्वीरों को दोबारा अपलोड कर सकते हैं।
एफएमजीई अक्टूबर 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले आवेदक अपने त्रुटिपूर्ण दस्तावेजों को केवल 'डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी पोर्टल' के माध्यम से ही जमा कर सकते हैं, जिसे NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर अपने एप्लीकेंट लॉगिन के जरिए एक्सेस किया जा सकता है। इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों की फोटो या इमेज में सुधार की आवश्यकता है, वे केवल 'इमेज स्क्रूटनी पोर्टल' के जरिए ही अपनी तस्वीरें अपडेट कर सकेंगे।
जो उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि तक अपने आवेदन पत्रों की कमियों को ठीक करने में विफल रहेंगे, उन्हें इस परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद दस्तावेज या फोटो जमा करने का कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के आयोजन से पहले जिन अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया जाएगा, उनके एडमिट कार्ड भी जारी नहीं किए जाएंगे।
यदि किसी अभ्यर्थी को त्रुटि सुधार प्रक्रिया के दौरान कोई समस्या या प्रश्न हो, तो वे NBEMS कैंडिडेट केयर सपोर्ट के टेलीफोन नंबर 011-45593000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवार राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड के आधिकारिक कम्यूनिकेशन वेब पोर्टल exam.natboard.edu.in/communication.php?page=main] पर जाकर भी अपनी शिकायत या प्रश्न दर्ज करा सकते हैं।
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) अक्टूबर 2026 सत्र के लिए टेस्ट सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, वे आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर लॉगिन करके अपने आवंटित शहर की जांच कर सकते हैं। सिटी स्लिप डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड की आवश्यकता होगी।