Trusted Source Image

‘चुनाव से पहले 1,00,000 नौकरियों की घोषणा कर रही भाजपा’ - यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश

Press Trust of India | August 30, 2026 | 05:49 PM IST | 2 mins read

अखिलेश ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटती है तो भाजपा शासन में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा।

सपा प्रमुख ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा - चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं, तो एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। (इमेज-एक्स/अखिलेश यादव)
सपा प्रमुख ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा - चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं, तो एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। (इमेज-एक्स/अखिलेश यादव)

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अगले कुछ महीनों में 1,00,100 युवाओं को नौकरी दिए जाने के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान को लेकर रविवार को तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह घोषणा विधानसभा चुनावों से कुछ ही महीने पहले की जा रही है, जबकि जल्द ही आचार संहिता लागू होने वाली है।

अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अब जब विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं, तो कहा जा रहा है कि एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। जनवरी के बाद आचार संहिता लागू हो जाएगी।” उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में प्रस्तावित हैं।

सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल ने गरीबों को निराश किया है। अखिलेश ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में लोग मंदिरों के बाहर भीख मांगने को मजबूर हैं, वहीं कुछ लोग मंदिरों के अंदर से ही चोरी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में लोग दान मांगते दिखाई देते हैं, लेकिन कोई भिखारी भी मंदिर के अंदर से चोरी नहीं करता।” उन्होंने भाजपा को “अधर्मी” बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भगवान को अर्पित किए गए चढ़ावे में भी चोरी कर रही है।

Also readUP School News: शिक्षक दिवस पर यूपी में बंद किए गए 26000 स्कूलों में कार्यक्रम करेगी सपा - अखिलेश यादव

अखिलेश ने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, “ये मिलावटी लोग हैं।” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ई-20 पेट्रोल को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र करते हुए कहा, “इन मिलावटी लोगों ने तो यहां तक कर दिया कि जिस पेट्रोल का हम इस्तेमाल करते हैं, उसमें भी मिलावट कर रहे हैं।”

अखिलेश ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटती है तो भाजपा शासन में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल बंद होने का सबसे अधिक असर “पीडीए” (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समुदाय के बच्चों पर पड़ा है।

सपा प्रमुख ने कहा, “वे (भाजपा) नहीं चाहते कि पीडीए समुदाय के लोग शिक्षित हों।” उन्होंने कहा कि गांवों में स्कूल बंद होने से खासकर लड़कियों की शिक्षा प्रभावित हुई है।

अखिलेश ने जातीय जनगणना कराने और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार देने की अपनी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा, “जिस तरह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने संविधान में समाज के हर वर्ग की बात की थी, उसी तरह समाजवादी पार्टी आबादी के आधार पर समुदायों को प्रतिनिधित्व और अधिकार दिलाने का प्रयास करेगी।”

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications