Saurabh Pandey | June 13, 2026 | 10:52 AM IST | 2 mins read
बीएचयू ने सीएचएस एसईटी 2026 परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट bhuonline.in पर जारी कर दिया है, जिसे छात्र अपने रोल नंबर और जन्म तिथि से चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) ने सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) स्कूल एंट्रेंस टेस्ट (SET) 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। कक्षा 9 और 11 (गणित, जीव विज्ञान, कला और वाणिज्य स्ट्रीम) में प्रवेश के लिए यह परीक्षा 22 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 के बीच वाराणसी के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी अब आधिकारिक वेबसाइट bhuonline.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
छात्र अपने रोल नंबर और जन्म तिथि या पासवर्ड का उपयोग करके अपना रिजल्ट देख सकते हैं। यदि कोई छात्र अपना रोल नंबर भूल गया है, तो वह स्टूडेंट लॉगिन सेक्शन के तहत उपलब्ध "Forgot Password/Application No?" विकल्प का उपयोग करके अपना विवरण दोबारा प्राप्त कर सकता है। सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल (CHBS) और सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल (CHGS) में एडमिशन के इच्छुक उम्मीदवार बीएचयू की ऑफिशियल वेबसाइट या बीएचयू ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल bhuonline.in से अपनी मार्कशीट और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
बीएचयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा। काउंसलिंग और सीट आवंटन के दौरान दस्तावेज सत्यापन का चरण बेहद सख्त होगा। सभी भौतिक दस्तावेज़ों, जैसे शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जन्म तिथि का प्रमाण और जाति/श्रेणी प्रमाणपत्रों का मिलान सीधे आधिकारिक रिकॉर्ड से किया जाएगा।
बीएचयू सीएचएस एसईटी मेरिट सूची में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को न्यूनतम पासिंग अंक प्राप्त करना अनिवार्य है-
जिन उम्मीदवारों ने अपनी श्रेणी के लिए आवश्यक कट-ऑफ अंकों के बराबर या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं और वह अस्थायी रूप से सीट आवंटन प्रक्रिया के लिए योग्य है। उम्मीदवार को ऑफलाइन काउंसलिंग में शामिल होना अनिवार्य है। कक्षा 9 की काउंसलिंग 20 जून 2026 को, कक्षा 11 (गणित) की 01 जुलाई 2026 को, और कक्षा 11 (जीव विज्ञान/कला/वाणिज्य) की काउंसलिंग 02 जुलाई 2026 को (सुबह 9 बजे से 11 बजे तक) आयोजित की जाएगी।
जिन उम्मीदवारों ने मेरिट सूची की सभी शर्तों को पूरा कर लिया है और CHBS (बॉयज स्कूल) या CHGS (गर्ल्स स्कूल) में अपनी सीट सुरक्षित कर ली है। ऐसे उम्मीदवारों को आवंटित स्कूल में रिपोर्ट करना होगा, जहां सख्त दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 15 जुलाई 2026 की अंतिम तिथि से पहले प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। सीटों के खाली रहने की स्थिति में, उम्मीदवार को वेटिंग लिस्ट काउंसलिंग में शामिल होना होगा। यह काउंसलिंग कक्षा 9 के लिए 27 जून 2026 और कक्षा 11 के लिए 09 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है।