Saurabh Pandey | November 7, 2025 | 04:08 PM IST | 2 mins read
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने जानकारी दी है कि आजमगढ़, बलिया, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र और वाराणसी के वे अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे, जो लिखित परीक्षा में पास हो गए हैं।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के वाराणसी छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में अग्निवीर भर्ती रैली 8 नवंबर 2025 से शुरू होने वाली है। इस भर्ती रैली के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने जानकारी दी है कि आजमगढ़, बलिया, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र और वाराणसी के वे अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे, जो लिखित परीक्षा में पास हो गए हैं।
8 नवंबर को इन सभी 12 जिलों के क्लर्क और ट्रेडमैन पदों के अभ्यर्थियों की रैली होगी, जिसमें कुल 1028 उम्मीदवार शामिल होंगे।
9 नवंबर को टेक्निकल पदों के साथ क्लर्क पद के कुछ अभ्यर्थियों की भर्ती होगी, इस दिन कुल 1030 उम्मीदवार उपस्थित रहेंगे।
10 नवंबर को केवल टेक्निकल पदों के लिए रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें 1052 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
आखिरी चरण में 11 से 21 नवंबर तक जनरल ड्यूटी (जीडी) पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चलेगी।
अग्निवीर भर्ती रैली में प्रवेश पत्र की रंगीन प्रिंट कॉपी मान्य होगी। इस पर एक पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर रैली में रात में ढाई बजे तक पहुंचना होगा।
इस बार अग्निवीर भर्ती के लिए 1600 मीटर की दौड़ को चार हिस्सों में बांट दिया गया है। अग्निवीर भर्ती में दौड़ के लिए अभ्यर्थियों को आधे मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
ग्रुप 1 - अग्निवीर भर्ती के लिए होने वाले फिजिकल टेस्ट में ग्रुप-1 के तहत साढ़े 5 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके लिए 60 अंक दिए जाएंगे। 10 पुल अप्स लगाने होंगे जो 40 मार्क्स के होंगे।
ग्रुप 2 में 5 मिनट 45 सेकेंड में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके लिए 48 अंक दिए जाएंगे। 9 बार पुल अप्स लगाने के लिए 33 अंक दिए जाएंगे।
ग्रुप-3 के तहत 6 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके 36 अंक होंगे। 8 बार पुल अप्स लगाने होंगे, जिसके लिए 27 अंक होंगे।
ग्रुप 4 के तहत 6 मिनट में 15 सेकेंड में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी, जिसके लिए 24 अंक होंगे। 7 बार पुल अप्स लगाने होंगे, जिसके लिए 21 अंक होंगे। 6 बार पुल अप्स लगाने वाले को 16 मार्क्स मिलेंगे।