Saurabh Pandey | June 15, 2026 | 07:49 AM IST | 2 mins read
एम्स सीआरई-5 ग्रुप-बी और ग्रुप-सी पदों पर संयुक्त भर्ती परीक्षा (CRE-5) के लिए भर्ती शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और परीक्षा 25 से 27 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।

नई दिल्ली : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने विभिन्न एम्स और अन्य केंद्रीय सरकारी संस्थानों और निकायों में नियमित गैर-संकाय (Non-Faculty) ग्रुप-बी और ग्रुप-सी पदों पर भर्ती के लिए 'कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन-5' (CRE-5) के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 3 जुलाई 2026 है।
एम्स द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, किसी भी दस्तावेज या आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी। आवेदन में सुधार के लिए ईमेल या पत्र के जरिए किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को फॉर्म बेहद सावधानी से भरने की सलाह दी गई है।
AIIMS CRE 5 Recruitment 2026: आयुसीमा
इस भर्ती परीक्षा में विभिन्न पदों के अनुसार सामान्य आयुसीमा 18 से 27 वर्ष, 18 से 30 वर्ष या कुछ पदों के लिए 35 वर्ष तक निर्धारित की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
एम्स सीआरई-5 भर्ती प्रक्रिया के तहत चयन के लिए एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी, जिसकी संभावित तिथियां 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 के बीच तय की गई हैं। यह परीक्षा कुल 90 मिनट (1.5 घंटे) की होगी, जिसमें 400 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे।
इस प्रश्नपत्र में 20 प्रश्न सामान्य ज्ञान, एप्टीट्यूड और कंप्यूटर के ज्ञान से संबंधित होंगे, जबकि शेष 80 प्रश्न संबंधित पद के डोमेन या विषय से जुड़े होंगे। इसके बाद पदों की आवश्यकता के अनुसार स्किल टेस्ट भी आयोजित किया जा सकता है। भाग लेने वाले संस्थान और पात्रता मानदंड
इस भर्ती परीक्षा (CRE-5) के जरिए देश भर के विभिन्न एम्स (जैसे एम्स भोपाल, एम्स भुवनेश्वर, एम्स जोधपुर, एम्स पटना आदि) के साथ-साथ ईएसआईसी (ESIC), आईसीएमआर (ICMR) और सफदरजंग अस्पताल जैसे अन्य प्रतिष्ठित केंद्रीय सरकारी संस्थानों में रिक्त पदों को भरा जाएगा।
एम्स सीआरई-5 भर्ती परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के लिए समान अंक 4 अंक निर्धारित होंगे। वहीं प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/4 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
क्वालीफाइंग अंक अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस के लिए 40%, ओबीसी के लिए 35% और एससी और एसटी के लिए 30% होंगे। जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए, उनकी श्रेणी चाहे कोई भी हो, क्वालीफाइंग अंक 30% होंगे।
बैंड परीक्षण 75 अंक और साक्षात्कार 25 अंक के लिए आयोजित किया जाएगा। बैंड परफॉर्मेंस टेस्ट में सफल होने के लिए सामान्य/ ओबीसी/ ईडब्ल्यूएस को 37.5 अंक और एससी/ एसटी को 30 अंक लाने होंगे।
Abhay Pratap Singh