Abhay Pratap Singh | May 24, 2026 | 10:34 AM IST | 2 mins read
यूपीएससी सीएसई 2026 का कट-ऑफ संपूर्ण चयन प्रक्रिया के समापन के बाद घोषित किया जाएगा। यूपीएससी सिविल सेवा कट-ऑफ अंक परीक्षा के सभी चरणों के लिए एक साथ जारी किए जाएंगे।

नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) आज सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 का आयोजन दो पालियों में कर रहा है। यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स 2026 के तहत पेपर-1 (सामान्य अध्ययन) सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 8,00,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
वहीं, पेपर-2 (सीएसएटी) का आयोजन दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। यूपीएससी ने स्पष्ट किया है कि काले बॉलपॉइंट पेन के अलावा किसी अन्य पेन से लिखे गए उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।
यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एक फोटो पहचान पत्र जैसे आधारकार्ड, वोटरआईडी, पैनकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंट की मूल प्रति के अलावा अपना यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स एडमिट कार्ड 2026 लाना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
यूपीएससी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, टैबलेट/ लैपटॉप, कैमरा, नोट्स, किताबें या अध्ययन सामग्री और बैग जैसी वस्तुएं प्रतिबंधित हैं। इस वर्ष, लगभग 933 रिक्तियों पर भर्ती के लिए यूपीएससी सीएसई 2026 के लिए 8,19,372 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है।
आयोग ने यूपीएससी सीएसई प्री एग्जाम 2026 के लिए कानपुर, मेरठ और भुवनेश्वर में तीन नए परीक्षा केंद्र जोड़े हैं, जिसके बाद परीक्षा केंद्रों की कुल संख्या अब 80 से बढ़कर 83 हो गई है। आयोग के अनुसार, लगभग 23,000 उम्मीदवारों ने नए केंद्रों से परीक्षा देने का विकल्प चुना है।
पहली बार यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 के तुरंत बाद प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। उम्मीदवार 31 मई (शाम 6 बजे) तक आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in/login के माध्यम से आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल कैंडिडेट ही मेन्स एग्जाम में शामिल होंगे। यूपीएससी सीएसई का वेतन 7वें वेतन आयोग के अनुसार लगभग 56,100 रुपये होगा।