Saurabh Pandey | October 24, 2026 | 06:51 PM IST | 2 mins read
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उम्मीदवार अपने अंक देख सकते हैं। बोर्ड ने अंतिम परिणाम और जिलेवार चयन की जानकारी जारी कर दी है।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने यूपी होम गार्ड भर्ती 2025 में शामिल हुए उम्मीदवारों के फाइनल मार्क्स और जिलेवार चयन की जानकारी जारी कर दी है। उम्मीदवार 23 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से अपने अंक देख और डाउनलोड कर सकते हैं। समय-सीमा समाप्त होने के बाद यह सुविधा स्वतः बंद हो जाएगी। हालांकि, किसी विशेष स्थिति में आवेदन करने पर अभ्यर्थी को उनके अंकों की जानकारी ईमेल द्वारा प्रदान की जा सकती है।
अभ्यर्थी अपने अंक देखने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करके लॉगिन कर सकते हैं। सफलतापूर्वक लॉगिन करने के बाद "Click here for Final Score" टैब पर क्लिक करना होगा, जिससे अंतिम अंक अभ्यर्थी की पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेज दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपना पंजीकृत ईमेल अकाउंट एक्टिव रखना होगा।
यदि किसी अभ्यर्थी को अपने अंक देखने में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वह पोर्टल पर दिए गए हेल्पडेस्क नंबर पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकता है। इसके अलावा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंकों को तैयार करने और अपलोड करने में पूरी सावधानी बरती गई है, लेकिन किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि के लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा और न ही किसी त्रुटिपूर्ण अंकन के आधार पर कोई दावा स्वीकार किया जाएगा।
Also read UPESSC Headmaster Recruitment 2026: यूपी हेडमास्टर भर्ती के लिए आवेदन जारी, परीक्षा शुल्क जानें