Saurabh Pandey | October 20, 2026 | 12:00 PM IST | 2 mins read
पीजीआईएमईआर ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा की नई डेट घोषित कर दी है। उम्मीदवारों को उनके आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर ईमेल के माध्यम से भेजी जाएगी।

नई दिल्ली : स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGIMER), चंडीगढ़ ने नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप 'बी') पदों के लिए भर्ती परीक्षा की नई डेट घोषित कर दी है। अब कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 18 नवंबर 2026 को दोपहर की शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इससे पहले, यह परीक्षा 21 अक्टूबर को होनी थी। यह परीक्षा नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप B) के 243 पदों के लिए है।
उम्मीदवारों को उनके आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। संस्थान उम्मीदवारों द्वारा चुने गए पसंदीदा शहरों में ही परीक्षा केंद्र आवंटित करने का प्रयास करेगा। हालांकि, तकनीकी, लॉजिस्टिक या प्रशासनिक कारणों से उम्मीदवारों को किसी अन्य शहर या राज्य में भी परीक्षा केंद्र दिया जा सकता है। ऐसी स्थिति में आवंटित परीक्षा केंद्र बदलने के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
पीजीआईएमईआर नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा से लगभग 5-7 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट pgimer.edu.in पर एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों के रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, परीक्षा का समय और महत्वपूर्ण निर्देशों का विस्तृत विवरण एडमिट कार्ड पर उपलब्ध रहेगा। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को उसी यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करना होगा जो उन्होंने आवेदन पत्र भरते समय बनाया था।
पीजीआईएमईआर नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQs) के प्रारूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा कुल 100 अंकों के लिए निर्धारित की गई है, यानी प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक तय किए गए हैं। सामान्य और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40% अंक लाना अनिवार्य है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक 35% रखे गए हैं।
किसी भी प्रश्न या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच भर्ती प्रकोष्ठ, पीजीआईएमईआर, सेक्टर 12, चंडीगढ़ के रिसेप्शन काउंटर पर जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, टेलीफोन नंबर 0172-2755578 और 2755579 पर भी संपर्क किया जा सकता है।