Abhay Pratap Singh | February 13, 2024 | 05:33 PM IST | 1 min read
नियमित छात्रों के लिए आयोजित प्रायोगिक परीक्षाओं में नियुक्त ऑब्जर्वर व परीक्षकों को हरियाणा बोर्ड द्वारा उनकी ड्यूटी की सूचना एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।
Explore the best courses after 10th across science, commerce, arts, and vocational streams. Find the right path based on your interests and build a strong career foundation.
Check Now
नई दिल्ली: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी के नियमित छात्रों के लिए प्रायोगिक परीक्षा तिथि जारी की है। वार्षिक परीक्षा फरवरी-मार्च 2024 के लिए अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों की प्रायोगिक परीक्षाएं 19 फरवरी से 23 फरवरी तक आयोजित की जाएगी।
सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी छात्रों के लिए प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 तक किया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षा समाप्त होने पर संबंधित विद्यालयों के मुखिया परीक्षा ड्यूटी चार्ट, निर्देश-पत्र, परीक्षार्थियों की ग्रुप फोटो व परीक्षा के अंक ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित तिथियों में बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर स्कूल लॉगिन के माध्यम से अपलोड करेंगे।
हरियाणा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी के लिए भौतिकी, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं बोर्ड द्वारा नियुक्त किए गए बाहरी परीक्षकों से करायी जाएगी। वहीं, सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षार्थियों की शेष विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में कार्यरत उन प्राध्यापकों व अध्यापकों द्वारा करायी जाएगी, जो उस विषय को विद्यालय में पढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी नियमित परीक्षार्थियों के लिए भौतिकी, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षाओं के निरीक्षण कार्य के लिए ऑब्जर्वरों की नियुक्तियाँ की जाएगी। प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर व परीक्षकों को बोर्ड द्वारा उनकी ड्यूटी की सूचना एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।
यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा 14 फरवरी से 5 मार्च तक यूपीएससी सीएसई (प्री) 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आयोग द्वारा मुख्य परीक्षा का आयोजन अक्टूबर माह में किया जाएगा।
Abhay Pratap Singh