Abhay Pratap Singh | February 27, 2026 | 10:39 PM IST | 1 min read
दिल्ली विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह 2026 के दौरान कुल 132 स्वर्ण एवं रजत पदक तथा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (University of Delhi) के 102 वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 फरवरी, 2026 को किया जाएगा। इस समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान 1,20,408 छात्रों को डिग्रियां वितरित की जाएंगी।
डीयू का 102वां दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। 27 फरवरी की शाम को डीयू कुलपति प्रो योगेश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और तैयारियों की समीक्षा की।
कुलपति ने बताया कि इस समारोह के दौरान 2025 में अपनी डिग्री पूरी करने वाले यूजी, पीजी एवं पीएचडी के विद्यार्थी दीक्षित होंगे। इस दीक्षांत समारोह में यूजी, पीजी और एफवाईयूपी के 120408 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। वीसी ने बताया कि इस दौरान लगभग 750 पीएचडी शोधार्थियों को भी डिग्रियां वितरित की जाएंगी।
Also readDU Job Mela 2026: डीयू में 20 मार्च को जॉब मेले का होगा आयोजन
दिल्ली यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक प्रो गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल परिसर स्थित मल्टीपर्प्ज हाल में होगा। टुटेजा के अनुसार दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 132 गोल्ड एवं सिल्वर मेडल तथा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रो गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को कुल 112 गोल्ड मेडल एवं एक सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को कुल 19 पुरस्कार (सर्टिफिकेट) प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि डीयू के रेगुलर विद्यार्थियों, एनसीडबल्यूईबी और एसओएल के विद्यार्थियों को मिलाकर कुल 109003 यूजी, 11362 पीजी और 43 एफवाईयूपी प्रोग्रामों के विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। आगे कहा, शताब्दी चांस के तहत अपनी डिग्री पूर्ण करने वाले 20 विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।