Saurabh Pandey | June 8, 2026 | 07:00 PM IST | 2 mins read
दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने दिल्ली नगर निगम (MCD) में स्टेनोग्राफर ग्रेड 'D' के 188 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के परिणाम और कट-ऑफ अंक जारी कर दिए हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने दिल्ली नगर निगम (MCD) में स्टेनोग्राफर ग्रेड 'D' के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के अंक जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अगले चरण यानी स्किल टेस्ट (शॉर्टहैंड और टाइपराइटिंग) के लिए अंतरिम रूप से चुने गए अभ्यर्थियों की सूची और कट-ऑफ मार्क्स भी घोषित कर दिए गए हैं।
बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली नगर निगम में स्टेनोग्राफर ग्रेड 'D' के कुल 188 पदों पर वैकेंसी निकाली गई थी। इन पदों के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन पिछले साल 10 और 11 सितंबर 2025 को किया गया था। इस परीक्षा में कुल 6,539 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनके प्राप्तांक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट dsssb.delhi.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने ओएआरएस (OARS) मॉड्यूल में लॉगिन करके अपने नंबर देख सकते हैं।
डीएसएसएसबी स्टेनोग्राफर भर्ती लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर कुल 1,960 अभ्यर्थियों को अगले चरण की परीक्षा यानी स्किल टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है । श्रेणीवार चुने गए उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है-
विवरण | अनारक्षित (UR) | ईडब्ल्यूएस (EWS) | ओबीसी (OBC) | अनुसूचित जाति (SC) | अनुसूचित जनजाति (ST) | कुल (Total) |
रिक्त पद (Vacancies) | 77 | 18 | 51 | 28 | 14 | 188 |
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी (Candidates Shortlisted) | 774 | 261 (81 सामान्य में) | 611 (101 सामान्य में) | 341 (61 सामान्य में) | 158 (8 सामान्य में) | 1960 |
कट-ऑफ अंक (200 में से) | 140.75 | 116.29 | 90.37 | 122.22 | 105.75 | — |
डीएसएसएसबी की तरफ से जारी इस नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अभी उम्मीदवारों के दस्तावेजों की गहन जांच (Scrutiny) नहीं की गई है, इसलिए इस सूची में नाम होने मात्र से नौकरी पर कोई अधिकार नहीं मिल जाता। स्टेनोग्राफर ग्रेड 'D' के लिए होने वाले स्किल टेस्ट (शॉर्टहैंड और टाइपराइटिंग) के विस्तृत कार्यक्रम और तारीखों की घोषणा बोर्ड द्वारा जल्द ही अलग से की जाएगी।