Santosh Kumar | May 28, 2026 | 08:11 AM IST | 2 mins read
उम्मीदवारों को 19 जून (रात 11:50 बजे) तक फॉर्म भरकर जमा करना होगा। सीएसआईआर नेट पंजीकरण शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 20 जून है।

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जॉइंट सीएसआईआर-यूजीसी नेट 2026 परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) और लेक्चररशिप के लिए आयोजित की जाती है। जून सत्र के लिए सीएसआईआर नेट 2026 आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 19 जून है।
उम्मीदवारों को 19 जून (रात 11:50 बजे) तक फॉर्म भरकर जमा करना होगा। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 20 जून है। छात्रों से आग्रह किया गया है कि वे अंतिम समय में तकनीकी समस्या से बचने के लिए आवेदन पहले ही पूरे कर लें।
शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए ₹1,150, जनरल-ईडबल्यूएस/ओबीसी (एनसीएल) के लिए ₹600, और एससी/एसटी/तीसरे लिंग के उम्मीदवारों के लिए ₹325 निर्धारित किया गया है। पीडबल्यूडी उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।
शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यमों (क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई) से ही जमा किया जा सकता है। एक बार जमा होने के बाद, शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। सीएसआईआर नेट परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में होगी।
आवेदन फॉर्म में विवरण सुधारने की सुविधा केवल वेबसाइट पर 22 से 23 जून को रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी। परीक्षा शहर और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की डेट से संबंधित जानकारी बाद में वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
सीएसआईआर नेट परीक्षा 17 और 18 जुलाई को होगी। प्रत्येक परीक्षा की अवधि 180 मिनट। परीक्षा दो पालियों में होगी: पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।
रिकॉर्ड किए गए उत्तरों और प्रोविजनल आंसर-की से संबंधित जानकारी भी बाद में वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। प्रश्न पत्र का माध्यम हिंदी और अंग्रेजी होगा। परिणामों की घोषणा भी बाद में एनटीए की वेबसाइट पर की जाएगी।