Saurabh Pandey | May 7, 2026 | 03:50 PM IST | 2 mins read
सीआईएल एमटी माइनिंग पदों पर नियुक्त उम्मीदवारों को कंपनी में शामिल होने की तिथि से न्यूनतम 60 महीनों तक सेवा देना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को शामिल होने के समय 3 लाख रुपये का सेवा अनुबंध बांड भरना होगा।

नई दिल्ली : कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने खनन क्षेत्र में मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) के 276 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 मई से आधिकारिक वेबसाइट coalindia.in पर शुरू होगी, जबकि आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 7 जून 2026 तक है।
कोल इंडिया एमटी माइनिंग भर्ती 2026 के लिए पात्र उम्मीदवारों को गेट (GATE-2025) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। GATE-2025 के अंकों और रिक्तियों के आधार पर, उम्मीदवारों को श्रेणीवार 1:3 के अनुपात में मेरिट के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
अंतिम मेरिट सूची गेट-2025 के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। GATE 2025 के अंक ही मान्य होंगे और GATE-2025 से पहले या बाद के अंक इस भर्ती प्रक्रिया के लिए मान्य नहीं होंगे और इसलिए उन पर विचार नहीं किया जाएगा।
कोल इंडिया एमटी माइनिंग भर्ती 2026 के लिए सामान्य (यूआर) और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक ऊपरी आयु सीमा 30 वर्ष है। श्रेणीवार ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
सामान्य (यूआर), ओबीसी (क्रीमी लेयर और नॉन-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 1000 रुपये शुल्क और 180 रुपये जीएसटी के साथ कुल मिलाकर 1180 रुपये का भुगतान करना होगा। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारियों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।
पद कोड | अनुशासन (Discipline) | न्यूनतम योग्यता |
10 | माइनिंग | न्यूनतम 60% अंकों के साथ माइनिंग इंजीनियरिंग में डिग्री (B.E./B.Tech) |
श्रेणी | रिक्तियों की संख्या |
अनारक्षित (UR) | 114 |
ईडब्ल्यूएस (EWS) | 27 |
अनुसूचित जाति (SC) | 41 |
अनुसूचित जनजाति (SC) | 20 |
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC-NCL) | 74 |
कुल रिक्तियां (Total) | 276* |
चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग अवधि के दौरान 60,000 - 1,80,000 रुपये के वेतनमान में ई-1 ग्रेड में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। प्रारंभिक मूल वेतन 60,000 रुपये प्रति माह होगा। 1 वर्ष के प्रशिक्षण सह परिवीक्षा के सफल समापन पर, ई-1 ग्रेड में अधिकारी (खनन) के रूप में सेवा की पुष्टि की जाएगी।
सीआईएल एमटी माइनिंग पदों पर नियुक्त उम्मीदवारों को कंपनी में शामिल होने की तिथि से न्यूनतम 60 महीनों तक सेवा देना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को शामिल होने के समय 3 लाख रुपये का सेवा अनुबंध बांड (साथ ही लागू जीएसटी) निष्पादित करना होगा। इस बांड राशि के लिए वेतन से प्रति माह 5000 रुपये की कटौती की जाएगी, जो 60 महीनों की सेवा सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद बिना ब्याज के वापस कर दी जाएगी।