Abhay Pratap Singh | June 4, 2026 | 09:04 AM IST | 2 mins read
बीएसईबी डीपीएड डमी एडमिट कार्ड 2026 में परीक्षार्थियों के नाम/ माता के नाम/ पिता के नाम जैसे विवरणों में पूर्ण बदलाव की अनुमति नहीं है।

नई दिल्ली: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने डिप्लोमा-इन-फिजिकल एजुकेशन (DPEd) पाठ्यक्रम के प्रशिक्षण सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष और प्रशिक्षण सत्र 2024-26 के द्वितीय वर्ष के बाह्य परीक्षा के लिए डमी प्रवेश पत्र जारी कर दिया है। स्कूल प्राचार्य dped.biharboardonline.org के माध्यम से 5 जून तक डमी एडमिट कार्ड में सुधार कर सकते हैं।
बीएसईबी डीपीएड डमी एडमिट कार्ड 2026 करेक्शन विंडो लॉगिन करने के लिए कॉलेज कोड और पासवर्ड जैसे क्रेडेंशियल की आवश्यकता होगी। बोर्ड ने बताया कि परीक्षार्थियों के नाम/ माता के नाम/ पिता के नाम जैसे विवरणों में पूर्ण बदलाव किसी भी परिस्थिति में मान्य नहीं होगा।
नोटिस में कहा गया कि, डमी प्रवेश पत्र में यदि किसी प्रकार की गलती (छात्र के नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में त्रुटि या जेंडर, दिव्यांग श्रेणी, धर्म, कोटा, फोटो व हस्ताक्षर आदि) पाई जाती है, तो संबंधित विद्यार्थियों को आवश्यक संशोधन कर अपने हस्ताक्षर के साथ अपने संस्थान के प्राचार्य को उपलब्ध कराना होगा।
त्रुटि सुधार के लिए हस्ताक्षर के साथ प्राप्त डमी प्रवेश पत्र को महाविद्यालयी दस्तावेजों से मिलान कर संतुष्ट होने के बाद ही संस्थान के प्राचार्य पोर्टल के माध्यम से आवश्यक संशोधन करेंगे। निर्धारित अवधि के बाद बीएसईबी डीपीएड डमी एडमिट कार्ड 2026 में त्रुटि सुधार का कोई और मौका प्रदान नहीं किया जाएगा।
आधिकारिक सूचना के अनुसार, बीएसईबी डीपीएड डमी हॉल टिकट 2026 में सुधार की सुविधा 3 जून से 5 जून तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में संबंधित संस्थान के प्राचार्य अपने संस्थान के विद्यार्थियों का डमी प्रवेश पत्र समिति की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन विवरण की सहायता से तीन प्रति में डाउनलोड कर लें।
आगे कहा गया कि, प्राचार्य को दो प्रति अपने हस्ताक्षर व मुहर के साथ परीक्षार्थी को उपलब्ध कराना होगा, जबकि तीसरी प्रति अपने कार्यालय में सुरक्षित रखें। अधिक जानकारी और नवीनतम अपडेट के लिए विद्यार्थियों को बीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट और ऑफिशियल एक्स हैंडल पर विजिट करने की सलाह दी गई है।