Santosh Kumar | June 6, 2026 | 12:37 PM IST | 2 mins read
27 जून के बाद 3 दिनों के भीतर, शुल्क चालान की प्रति और आवेदन फॉर्म की डाउनलोड की गई प्रति को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में रजिस्टर्ड पोस्ट से भेजना अनिवार्य है।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने 2026 की हाई स्कूल (कक्षा 10) इम्प्रूवमेंट/कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए छात्र यूपीएमएसपी के आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 जून है।
यह सुविधा उन स्टूडेंट्स के लिए है जो मुख्य परीक्षा में फेल हुए विषयों में पास होना चाहते हैं या अपने मार्क्स बेहतर करना चाहते हैं। एप्लीकेशन प्रोसेस पूरा करने के बाद, स्टूडेंट्स को तय फीस के लिए चालान जमा करना होगा।
इम्प्रूवमेंट परीक्षा के तहत 10वीं के परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में तथा कंपार्टमेंट परीक्षा के तहत अनुत्तीर्ण हुए 2 विषयों में से केवल किसी एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते है। परीक्षा शुल्क ₹256.50 है।
ह्यूमैनिटीज, साइंस, कॉमर्स, एग्रीकल्चर या वोकेशनल स्ट्रीम में किसी एक विषय या पेपर में फेल होने वाले छात्र इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंटल परीक्षा में शामिल होने के पात्र हैं। इसके लिए परीक्षा शुल्क ₹306 तय किया गया है।
उम्मीदवार को चालान के जरिए ट्रेजरी में शुल्क जमा करना होगा। 27 जून के बाद 3 दिनों के भीतर, शुल्क चालान की प्रति और आवेदन फॉर्म की डाउनलोड की गई प्रति को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में रजिस्टर्ड पोस्ट से भेजना अनिवार्य है।
जो उम्मीदवार 10वीं इम्प्रूवमेंट/कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिखित या प्रैक्टिकल/प्रोजेक्ट (इंटरनल असेसमेंट) हिस्से में, या 12वीं कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिखित और प्रैक्टिकल दोनों भागों में फेल हो गए हैं, उन्हें दोनों भागों की परीक्षा देनी होगी।
जो उम्मीदवार किसी विषय के एक भाग में फेल हुए लेकिन दूसरे में पास हो गए, वे चाहें तो केवल फेल हुए भाग की परीक्षा दे सकते हैं या फिर फेल और पास, दोनों हिस्सों की परीक्षा दे सकते हैं। डेट जल्द ही जारी की जाएगी।