Trusted Source Image

Job Scams in Haryana: हरियाणा में नौकरियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस पर पुलिस ने की पानी की बौछार

Abhay Pratap Singh | February 18, 2026 | 09:13 AM IST | 2 mins read

हरियाणा युवा कांग्रेस ने यह आरोप लगाते हुए पंचकूला में आयोग के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया कि बाहरी राज्यों के उम्मीदवार ज्यादातर सरकारी नौकरियां पा रहे हैं।

रोहतक से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अन्य लोगों के साथ इस प्रदर्शन में भाग लिया। (इमेज-आधिकारिक एक्स/दीपेंद्र हुड्डा)
रोहतक से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अन्य लोगों के साथ इस प्रदर्शन में भाग लिया। (इमेज-आधिकारिक एक्स/दीपेंद्र हुड्डा)

चंडीगढ़: हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने 17 फरवरी को युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों पर उस वक्त पानी की बौछार की, जब उन्होंने ‘राज्य लोक सेवा आयोग’ कार्यालय के घेराव के इरादे से अवरोधकों को पार करने की कोशिश की। कांग्रेस और इसकी युवा शाखा ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार हरियाणा के युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। इसके बाद उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग(एचपीएससी) कार्यालय का घेराव करने का फैसला किया था।

रोहतक से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अन्य लोगों के साथ इस प्रदर्शन में भाग लिया। जब प्रदर्शनकारी पंचकूला में आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में ले लिया। अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्हें भी थोड़े समय के लिए हिरासत में लिया गया।

हरियाणा युवा कांग्रेस ने यह आरोप लगाते हुए पंचकूला में आयोग के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया कि बाहरी राज्यों के उम्मीदवार ज्यादातर सरकारी नौकरियां पा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग सभी विज्ञापित पदों को भरने में असमर्थ है। पंचकूला पुलिस ने आयोग के कार्यालय के बाहर अवरोधक लगाये थे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पार करने का प्रयास किया, जिसकी वजह से पुलिस को पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा।

Also readHBSE Admit Card 2026: हरियाणा बोर्ड कक्षा 10वीं-12वीं परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, bseh.org.in से करें डाउनलोड

हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि कई पद खाली हैं और जो पद भरे भी जा रहे हैं, वे (पद) राज्य के बाहर के युवाओं को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम यहां हरियाणा के युवाओं के हितों की रक्षा करने आए हैं।” कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि एचपीएससी राज्य के युवाओं के लिए “अस्वीकृति आयोग” बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा करने में सक्षम नहीं है।

रोहतक से कांग्रेस के सांसद हुड्डा ने कहा, पिछले 12 वर्षों से भाजपा सरकार भर्ती के नाम पर हरियाणा के युवाओं को धोखा दे रही है। भाजपा सरकार हर भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा के युवाओं की उपेक्षा कर रही है और गैर-हरियाणवी उम्मीदवारों को प्राथमिकता दे रही है।

दीपेंद्र ने कहा, ''देश के 28 राज्यों में से हरियाणा एकमात्र ऐसा राज्य है जहां एचपीएससी के अध्यक्ष को बाहर से नियुक्त किया गया है। ऐसा कोई अन्य राज्य नहीं है जहां लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति राज्य के बाहर से की गई हो।'' हुडा ने कहा कि इससे पहले सिविल जजों के चयन में 110 उम्मीदवारों में से 60 और सिंचाई विभाग में 49 उम्मीदवारों में से 28 हरियाणा के बाहर से थे।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications