Saurabh Pandey | April 11, 2026 | 07:50 AM IST | 1 min read
भारत के विभिन्न डाक सर्किलों में ब्रांच पोस्टमास्टर (बीपीएम), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (एबीपीएम) और डाक सेवक जैसे पदों के लिए भर्ती की जा रही है। पहली मेरिट लिस्ट में लगभग 28,558 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था।
.jpg)
नई दिल्ली : इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) की भर्ती के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट 2026 आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in/gdsonlineengagement पर जारी कर दी है। इंडिया पोस्ट की दूसरी मेरिट लिस्ट पीडीएफ सभी 23 सर्किलों के लिए प्रकाशित की गई है।
इंडिया पोस्ट जीडीएस ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर राज्यवार दूसरी मेरिट सूची की पीडीएफ जारी कर दी है। उम्मीदवार अपने राज्य की मेरिट सूची डाउनलोड करके अपनी चयन स्थिति देख सकते हैं। पीडीएफ में उम्मीदवार का नाम, पंजीकरण संख्या, पद और विभाग जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है।
इंडिया पोस्ट ने जीडीएस, बीपीएम और एबीपीएम पदों के लिए पहली मेरिट लिस्ट पहले ही जारी कर दी है, और अब उम्मीदवार दूसरी मेरिट लिस्ट पीडीएफ को आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। यह दूसरी मेरिट लिस्ट उन उम्मीदवारों को एक और मौका देगी जो पहली लिस्ट में चयनित नहीं हुए थे।
इंडिया पोस्ट जीडीएस की दूसरी मेरिट सूची में चयनित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन में शामिल होना होगा। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, वैलिड पहचान पत्र और अन्य सहायक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
जिन उम्मीदवारों का ग्रामीण डाक सेवक की दूसरी मेरिट लिस्ट के लिए चयन हुआ है, उन्हें 27 अप्रैल 2026 तक अपने सभी डॉक्यूमेट्स वेरिफिकेशन के लिए डिवीजनल ऑफिस तक पहुंचाना होगा।