Press Trust of India | October 23, 2026 | 02:19 PM IST | 1 min read
लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और मयूर विहार स्थित सलवान पब्लिक स्कूल को धमकी वाले ईमेल मिले।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के 3 स्कूलों को आज (23 अक्टूबर, 2026) कथित तौर पर बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। जिसके बाद अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक की तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और मयूर विहार स्थित सलवान पब्लिक स्कूल को धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि धमकियों की सूचना मिलने के बाद टीमें स्कूलों में पहुंचीं और एहतियात के तौर पर परिसर खाली करा लिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते, अग्निशमन विभाग और पुलिसकर्मी स्कूल परिसरों में तलाशी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।