Abhay Pratap Singh | March 1, 2026 | 02:43 PM IST | 2 mins read
सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं भारत सहित विदेशों के 26 देशों में आयोजित की जा रही हैं। कक्षा 10 की परीक्षा 8,074 केंद्रों पर और कक्षा 12 की परीक्षा 7,574 केंद्रों पर हो रही है।

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 1 मार्च को मध्य पूर्व देशों (Middle East Regions) में कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 स्थगित करने को लेकर नोटिस जारी किया है। नवीनतम अपडेट के अनुसार, 2 मार्च, 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
सीबीएसई ने छात्रों और विद्यालयों को सूचित करते हुए कहा कि मध्य पूर्व के कुछ क्षेत्रों जैसे बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में वर्तमान स्थिति को देखते हुए निम्नलिखित निर्णय लिए गए हैं:
बोर्ड ने 2 मार्च, 2026 (मंगलवार) को आयोजित होने वाली कक्षा 10 और कक्षा 12 की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
सीबीएसई 3 मार्च, 2026 (मंगलवार) को स्थिति की समीक्षा करेगा और 5 मार्च, 2026 से निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा।
आधिकारिक नोटिस में कहा गया कि, सभी छात्र नवीनतम जानकारी के लिए अपने विद्यालयों से संपर्क में रहें और उन्हें बोर्ड की घोषणाओं का पालन करने की सलाह दी गई है। आधिकारिक पुष्टि के लिए सीबीएसई की वेबसाइट cbse.nic.in और ऑफिशियल एक्स हैंडल @cbseindia29 पर विजिट कर सकते हैं।
बोर्ड ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों को सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक फर्जी नोटिस के बार में चेतावनी दी है। जिसमें मध्य पूर्व क्षेत्र में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कुछ बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का झूठा दावा किया गया था।
बोर्ड ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “महत्वपूर्ण सूचना!! यह फर्जी सर्कुलर है।” फर्जी दस्तावेज में दावा किया गया कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले तथा जवाबी कार्रवाई के चलते कक्षा 10-12 की शेष भाषा के पेपर और कक्षा 10 की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा रद्द कर दी गई है।